रायगढ़। रायगढ़ शहर के इतवारी बाजार में बनने जा रहे आक्सीजोन की घोषणा होनें के बाद यहां सालों से साप्ताहिक बाजार लगाने वाले छोटे व्यापारियों ने अपने व्यवसाय खत्म होनें की आशंका व्यक्त करते हुए सैकड़ो की संख्या में नगर निगम जाकर अपना विरोध जताया। बड़ी संख्या में इकट्ठे हुए छोटे व्यापारियों को इस बात का डर था कि आॅक्सीजोन बनने से उनके सौ साल पुराने इतवारी बाजार का व्यापार बंद हो जाएगा लेकिन आयुक्त ने इनके समूह से चर्चा के बाद बताया कि आॅक्सीजोन राज्य सरकार की एक महति योजना है और इससे किसी प्रकार का कोई नुकसान छोटे व्यापारियों को नही है।
रायगढ़ नगर निगम ने हाल ही में रायगढ़ विधायक व प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चैधरी की अनुशंसा पर बढ़ते प्रदूषण को कुछ हद तक रोकने के लिये शहर के बीचो बीच इतवारी बाजार का चयन करके यहां आॅक्सीजोन बनाने की योजना बनाई है जिसमें करीब 40 करोड से भी अधिक खर्च होनें हैं। इसकी घोषणा होनें के बाद साप्ताहिक बाजार लगाने वाले छोटे व्यापारियों को यह डर है कि आक्सीजोन बनने से उनका बरसो पुराना व्यवसाय छिन जाएगा और उनकी रोजी रोटी भी पूरी तरह खत्म हो जाएगी। इसी आशंका को लेकर इतवारी बाजार में अपनी दुकानदारी चलाने वाले लोगों ने बताया कि अगर आयुक्त या महापौर उनकी बात नही सुनते तो वे सड़कों में उतरेंगे। बातचीत के दौरान इनका कहना था कि वे आॅक्सीजोन का विरोध नही कर रहे हैं बल्कि इसके लिये कोई दूसरी जगह चिन्हित की जानी चाहिए और इतवारी बाजार को आक्सीजोन से अलग रखें अगर यहां आक्सीजोन बनता है तो सौ सालों से उनके द्वारा लगाये जाने वाली दुकानों का व्यापार खत्म हो जाएगा और उनकी रोजी रोटी भी छिन जाएगी।
इस पूरे मामले में निगम आयुक्त सुनील चंद्रवंशी का कहना है कि व्यापारियों से चर्चा के बाद उनकी भावनाओं को समझते हुए यह बता दिया गया है कि आॅक्सीजोन के बनने से किसी के व्यापार को कोई खतरा नही है बल्कि शहरवासियों को प्रदूषण मुक्त वातावरण देने के लिये आॅक्सीजोन बनाया जाना है और इतवारी बाजार में सारी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इसका निर्णय लिया गया है। उन्होंने इस बात को माना कि इतवारी बाजार में साप्ताहिक बाजार सालों से लगता है लेकिन निगम द्वारा वहां किसी प्रकार की तोडफोड या किसी को हटाया नही जाएगा बल्कि उस स्थल को संवारकर जनता के लिये स्वच्छ वातावरण देने की पहल की जा रही है।
109
