पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के अपराध में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। थाना लैलूंगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हार में जंगली सुअर फसाने के लिए खेत में करंटयुक्त तार लगाने से हुई किसान की मौत के मामले में पुलिस ने शेष चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस गंभीर घटना में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी, जबकि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2025 को ग्राम खम्हार निवासी लालकुमार साहू पिता चिलोचन प्रसाद साहू, उम्र 37 वर्ष, की खेत में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस संबंध में आलोक कुमार द्वारा थाना लैलूंगा में मर्ग इंटिमेशन दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि लालकुमार साहू अपने खेत मुड़बहला में धान की फसल की रखवाली के लिए रात करीब 8 बजे जंगली सुअरों को भगाने और फटाका फोड़ने गया था। इसी दौरान खेत में अज्ञात व्यक्ति द्वारा जीआई तार के माध्यम से बिजली कनेक्शन जोड़कर बांस की फाली में तार बांधकर जंगली सुअर फसाने का जाल लगाया गया था, जिसकी चपेट में आने से लालकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान गवाहों के कथन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही जोसेफ मिंज और सोनू एक्का को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने घटना के समय खेत में जंगली सुअर फसाने के लिए बिजली कनेक्शन लगाने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपी (1) जोसेफ मिंज पिता सहदेव मिंज उम्र 40 वर्ष एवं (2) सोनू एक्का पिता स्व. रामधन एक्का उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम खम्हार, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों के साथ पूर्व नियोजित आपराधिक षड्यंत्र पाए जाने पर धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 22 जनवरी 2026 को शेष चार आरोपी सत्यप्रकाश एक्का पिता राधेलाल एक्का उम्र 29 वर्ष, जशवंत मिंज पिता कार्तिक राम मिंज उम्र 43 वर्ष, शशीलाल एक्का पिता पंतराम एक्का उम्र 45 वर्ष एवं करन चौहान पिता अधिन चौहान उम्र 27 वर्ष, सभी निवासी ग्राम खम्हार, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़कृको विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें