संकल्प परीक्षा में चयन से चमके नवीन बी. डी. एस. अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्र , सुशासन शिविर में हुए सम्मानित

Picture of kakajee

kakajee

 

जशपुर। जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत अंकिरा स्थित नवीन बीडीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी शानदार शैक्षणिक उपलब्धियों से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यार्थियों की इस सफलता से स्कूल परिवार, अभिभावकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार नवीन बीडीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल अंकिरा की छात्रा फिजा साव ने कक्षा आठवीं की परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वहीं छात्रा चन्दना चक्रेश ने कक्षा पांचवीं में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। दोनों छात्राओं की मेहनत, लगन और अनुशासन ने उन्हें जिले के मेधावी विद्यार्थियों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
इन दोनों प्रतिभाशाली छात्राओं में से 8वी की छात्रा कु.फिज़ा साव का सत्र 2025-26 की संकल्प परीक्षा में चयन होना उनकी उपलब्धि में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। संकल्प परीक्षा में चयन की खबर मिलते ही विद्यालय सहित पूरे जशपुर जिले में हर्ष का वातावरण बन गया। शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने छात्राओं की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
दोनों छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि को देखते हुए 2 जून को आयोजित सुशासन शिविर में सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। मंच से सम्मान मिलने पर छात्राओं का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा, वहीं उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी उपलब्धि का स्वागत किया। ग्रामीणों का कहना है कि इन बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नवीन बीडीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल के संचालक योगेश कुमार साव ने कहा कि फिजा साव और चन्दना चक्रेश की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सीमित संसाधनों के बीच भी यदि विद्यार्थी दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ आगे बढ़ें तो बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। शिक्षकों ने इस उपलब्धि का श्रेय छात्राओं की मेहनत के साथ-साथ उनके अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय में मिले गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन को दिया।
फिजा साव और चन्दना चक्रेश की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जशपुर जिले के शिक्षा जगत के लिए भी एक प्रेरणादायक उपलब्धि बन गई है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें