Kakajee News

रायगढ़ पुलिस ने बाजार हाट में सक्रिय झपटमार और पाकेटमार गिरोह का किया पर्दाफाश, लैलूंगा बाजार में सशस्त्र जवानों की सतर्कता से वारदात के तुरंत बाद मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार

Picture of kakajee

kakajee

🚨 मामले में लैलूंगा पुलिस ने बलरामपुर के कुसमी से संचालित गिरोह की 5 महिलाएं और एक पुरुष सदस्य गिरफ्तार
🚨 18 ग्राम सोने की चैन, इको कार और मोबाइल सहित करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

रायगढ़। लैलूंगा पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों में महिलाओं एवं ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से आकर ग्रामीण बाजारों और मेलों में संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी में लूटी गई सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त वाहन एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
घटना की पीड़िता मरियम टोप्पो (67 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04 इमलीपारा लैलूंगा, जो सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं, ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार दिनांक 13.06.2026 को वह अपने पति के साथ लैलूंगा साप्ताहिक बाजार सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान पीछे से अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले में पहनी करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपटकर फरार होने का प्रयास किया। पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें कुछ महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं।
विदित हो कि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी साप्ताहिक बाजारों में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में लैलूंगा बाजार में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा थाने से आरक्षक विनोद कुजूर, आरक्षक शशिभूषण उरांव एवं महिला आरक्षक पूनम साहू की ड्यूटी लगाई गई थी।
बाजार में झपटमारी की घटना की सूचना मिलते ही महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल एक महिला संदिग्ध मंगरीता गिरी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बाजार क्षेत्र से आरोपी दीपक गिरी को हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे अपने परिवार की पांच महिला सदस्यों के साथ इको वाहन क्रमांक सीजी 30 जे 8035 से जिला बलरामपुर के कुसमी क्षेत्र से लैलूंगा बाजार पहुंचे थे और संगठित गिरोह बनाकर ग्रामीण बाजारों एवं मेलों में पाकेटमारी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां शरण लेने के लिए चले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा तत्काल जशपुर, सरगुजा एवं बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित कर आरोपियों के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई। लैलूंगा पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर जशपुर से गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी एवं उर्मिला गिरी को हिरासत में लेकर थाना लाया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन लॉकेट सहित, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये है, घटना में प्रयुक्त इको वाहन क्रमांक सीजी 30 जे 8035 जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस द्वारा कुल लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 190/2026 धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जीपीएम के दिव्यांग खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 6 पदक जीतकर रचा सफलता का नया अध्याय, रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर लहराया परचम, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी बढ़ाया जिले का मान

तमनार नगर पंचायत चुनाव में जूदेव परिवार की दस्तक, जय जूदेव के नारों से गूंजा दीवाली मिलन समारोह, दो दिवसीय आयोजन में भाजपा के दिग्गजों का जमावड़ा,पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने तमनार में रात्रि विश्राम कर घर-घर पहुंच बनाई,संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव के भावुक संबोधन ने छुआ महिलाओं का दिल

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें