घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे ओएचई और तांबा तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे लाइन से तांबा तार चोरी के 3 और उठाईगिरी के 1 प्रकरण का खुलासा

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर थाना घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन के ओएचई एवं तांबा तार चोरी तथा उठाईगिरी करने वाले चार बदमाशों के सक्रिय गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना घरघोड़ा क्षेत्र में दर्ज रेलवे तांबा तार चोरी के तीन प्रकरणों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक प्रकरण का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 178 मीटर रेलवे तांबा तार तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पहली घटना : रेलवे ओएचई एवं तांबा तार चोरी
22 फरवरी को प्रार्थी उमेश जोल्हे निवासी टेरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 फरवरी की रात ग्राम कारीछापर स्थित रेलवे लाइन के पास से अज्ञात चोर रेलवे के ओएचई एवं तांबा तार चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 41 हजार रुपये बताई गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 60/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना : मोटरसाइकिल की डिक्की से 40 हजार रुपये की उठाईगिरी
8 अप्रैल को साधराम राठिया निवासी कंचनपुर सलिहाभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक घरघोड़ा से 40 हजार रुपये निकालने के बाद उसने रकम मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दी थी। कन्या शाला हाई स्कूल के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर खाद खरीदने गया और वापस लौटने पर डिक्की खुली मिली तथा नकदी गायब थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 124/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

तीसरी घटना : रेलवे साइडिंग से 85 हजार रुपये का तांबा तार चोरी
13 मई को भानु प्रसाद पैंकरा निवासी चारभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 मई की रात घरघोड़ा रेलवे साइडिंग में खंभा क्रमांक जी-8/09 से जी-5/15 एवं जी-6/01 के मध्य रेलवे तांबा तार चोरी कर लिया गया था। चोरी गए तार की कीमत लगभग 85 हजार रुपये थी। मामले में अपराध क्रमांक 161/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई थी।

चौथी घटना : छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन से तांबा तार एवं सामग्री चोरी
18 जून को टोपलाल अगरिया निवासी भेंगारी ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 जून की रात छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन के खंभा क्रमांक 27/27 से 27/29 के मध्य रेलवे तांबा तार एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

ऐसे पकड़ा गया गिरोह
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा सक्रिय मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर आज ढोरम बायपास में घेराबंदी कर संदेही मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का तांबा तार
आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल से लखन राठिया के कब्जे से 72 मीटर तांबा तार कीमती 56,160 रुपये, मनोज धनवार के कब्जे से 40 मीटर तांबा तार कीमती 31,200 रुपये तथा शशिभूषण दास बैरागी के कब्जे से 66 मीटर तांबा तार कीमती 51,480 रुपये बरामद किया गया। आरोपी अजय धनवार के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।

चोरी का माल खपाया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच देते थे। घरघोड़ा में हुई उठाईगिरी की घटना को भी आरोपियों ने स्वीकार किया। चोरी और उठाईगिरी से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर शराब एवं अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। कुछ चोरी का माल मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें