बिजली मीटर अपडेट के नाम पर व्यापारी से 13.71 लाख की साइबर ठगी, एक क्लिक ने खाली कर दिया खाता

Picture of kakajee

kakajee

सारंगढ़। जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर एक व्यापारी को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 13 लाख 71 हजार 490 रुपये पार कर दिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम साल्हे निवासी मदन लाल साहू, जो ग्राम छिन्द में किराना एवं जनरल स्टोर का संचालन करते हैं, उनके साथ यह ऑनलाइन ठगी हुई। बताया जा रहा है कि 17 जून को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया, जिसमें उनकी पत्नी के नाम पर लगे बिजली मीटर को अपडेट कराने की बात कही गई। ठग ने व्यापारी के ईमेल पर एक लिंक भेजा और “ओके” व “वेरिफाई” करने को कहा। जैसे ही उन्होंने प्रक्रिया पूरी की, उनके Bank of Baroda खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम कटनी शुरू हो गई।
तीन दिनों के भीतर कुल 11 ट्रांजेक्शन में रकम निकाली गई। इनमें NEFT और IMPS के माध्यम से लाखों रुपये ट्रांसफर किए गए। पीड़ित ने बताया कि वह इस दौरान काम के सिलसिले में बाहर थे, जिसके कारण उन्हें समय पर खाते से रकम कटने की जानकारी नहीं मिल सकी।
19 जून को खाते की जांच के दौरान जब पूरी ठगी का खुलासा हुआ, तब उन्होंने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस थाना सारंगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साइबर ठग अब आम लोगों को नए-नए तरीकों से निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ईमेल पर बिना जांच-पड़ताल के क्लिक न करें।

 

 

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें