शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट और वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मजदूरी कर घर लौट रहे व्यक्ति को रास्ते में रोककर की थी मारपीट और छीने रुपये

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ । कल चौकी खरसिया पुलिस ने मारपीट कर रुपये वसूलने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपियों ने मजदूरी कर घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए रुपये की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर मारपीट कर उसके पास रखी रकम छीन ली थी।
मामले में प्रार्थी राजेश खण्डेल पिता कन्हैयालाल खण्डेल उम्र 27 वर्ष निवासी रतन महका, चौकी खरसिया द्वारा 20 जून को चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थी ने बताया कि 18 जून की रात लगभग 8:30 बजे वह खरसिया से मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। गोपी महका स्थित पैठू तालाब पार पहुंचने पर गांव के लल्ला उर्फ ललित राठौर और चन्द्रशेखर खण्डेल ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट कर धक्का-मुक्की की। इसके बाद आरोपियों ने उसके पास रखे 1,000 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट पर चौकी खरसिया में धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान प्रार्थी का चिकित्सीय परीक्षण सिविल अस्पताल खरसिया में कराया गया तथा उसका विस्तृत कथन दर्ज किया गया। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं हमराह स्टाफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने घटना कारित करना स्वीकार किया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर छीनी गई रकम में से शेष 200-200 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी लल्ला उर्फ ललित राठौर एवं चन्द्रशेखर खण्डेल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस त्वरित कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण बांधव, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक कीर्ति सिदार एवं साविल चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी :-
1. लल्ला उर्फ ललित राठौर पिता शिव कुमार राठौर, उम्र 32 वर्ष, निवासी गोपी महका, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़।
2. चन्द्रशेखर खण्डेल पिता जगराम खण्डेल, उम्र 31 वर्ष, निवासी रतन महका, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें