शिव शक्ति स्टील प्लांट पर प्रदूषण फैलाने का आरोप, ग्रामीणों ने पर्यावरण विभाग को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले के ग्राम पंचायत नवागांव और आश्रित ग्राम चुनचुना के ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित शिव शक्ति स्टील प्लांट के खिलाफ गंभीर पर्यावरणीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CGEPB) को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट लगातार पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन कर रहा है, जिससे क्षेत्र में वायु प्रदूषण की स्थिति भयावह होती जा रही है।
ग्राम पंचायत की सरपंच मंजू सरवनारायण चौहान द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि उद्योग से लगातार घना काला धुआं निकल रहा है, जिससे पूरे गांव की हवा प्रदूषित हो चुकी है। ग्रामीणों का दावा है कि धुएं से निकलने वाली कालिख आसपास के पेड़-पौधों पर जम रही है, फसलें प्रभावित हो रही हैं और जमीन की उर्वरक क्षमता भी कम होती जा रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रात के समय प्रदूषण और अधिक बढ़ जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन रात में प्रदूषण नियंत्रण उपकरण (ETP/ESP) बंद कर देता है, जिससे बिना रोक-टोक जहरीला धुआं वातावरण में छोड़ा जाता है। इससे गांव के लोग सांस, त्वचा और आंखों से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब प्लांट के खिलाफ शिकायत की गई हो। इससे पहले भी स्थानीय स्तर पर कई बार विरोध और शिकायतें हो चुकी हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
ज्ञापन में पर्यावरण विभाग से संयुक्त निरीक्षण, रात में आकस्मिक जांच, प्रदूषण मानकों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना, प्रभावी ETP और ESP की स्थापना तथा प्रभावित लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच और मुआवजे की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्राम पंचायत, स्थानीय युवा और ग्रामीण मिलकर प्लांट के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन और धरना देंगे। इस पूरे मामले ने एक बार फिर औद्योगिक विकास और पर्यावरण सुरक्षा के बीच संतुलन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें