Raigarh News: समधी और दोस्ती के भरोसे लाखों की ठगी! तीन ट्रेलरों का किराया हड़पने और किस्त रोकने का आरोप, परिवार पर टूटा आर्थिक संकट

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। रिश्तों की मजबूती और वर्षों पुराने भरोसे का सहारा लेकर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला जूटमिल थाना क्षेत्र से सामने आया है। फटहामुड़ा निवासी गृहणी रिकू सिंह ने अपने पति के 26 साल पुराने मित्र और समधी सत्यदेव तिवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि सत्यदेव तिवारी ने विश्वास में लेकर उनके और उनके पति के नाम पर तीन ट्रेलर वाहन फाइनेंस कराए, लेकिन उनसे होने वाली कमाई खुद रख ली और वाहनों की किस्त जमा करना भी बंद कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 में सत्यदेव तिवारी ने ट्रांसपोर्टिंग व्यवसाय के लिए दो ट्रेलर उनके पति अखिलेश्वर सिंह के नाम और एक ट्रेलर उनके नाम पर निकलवाया था। तीनों गाड़ियों का संचालन और कमाई पूरी तरह सत्यदेव तिवारी के नियंत्रण में थी। शुरुआत में वह वाहनों की किस्त जमा कराता रहा, लेकिन बाद में धीरे-धीरे भुगतान बंद कर दिया।

मामले ने तब गंभीर रूप लिया जब अक्टूबर 2025 में फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारी किस्त बकाया होने की शिकायत लेकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। तब परिवार को पता चला कि लाखों रुपये की किश्तें बकाया हैं। आरोप है कि जब इस संबंध में सत्यदेव तिवारी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने फोन ब्लॉक कर दिया और दूरी बना ली।

पीड़िता ने बताया कि उनके नाम पर लिए गए एक ट्रेलर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी भी उन्हें काफी देर से दी गई। वहीं पति के नाम पर लिए गए दो अन्य ट्रेलर फाइनेंस कंपनियों ने किस्त न चुकाने के कारण जब्त कर लिए हैं। अब परिवार पर भारी कर्ज का बोझ और फाइनेंस कंपनियों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

रिकू सिंह का आरोप है कि सत्यदेव तिवारी ने पहले से आर्थिक संकट और कर्ज में डूबे होने के बावजूद दोस्ती, समधियाना रिश्ता और बेटी को बहू बनाने का भरोसा देकर उनके परिवार को जाल में फंसाया। उनके नाम पर वाहन निकलवाकर खुद व्यापार किया और जब स्थिति बिगड़ी तो जिम्मेदारी छोड़ दी।
पीड़िता का कहना है कि इस धोखाधड़ी से उनका पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से बुरी तरह टूट चुका है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि जूटमिल पुलिस इस भरोसे के नाम पर हुए कथित आर्थिक छल के इस मामले में क्या कदम उठाती है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें