RAIGARH NEWS : चिराईपानी हादसे में बड़ा एक्शन, कंपनी मालिकों पर एफआईआर दर्ज

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले के चिराईपानी क्षेत्र में हुए दर्दनाक दीवार हादसे के बाद अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लेबर क्वार्टर की दीवार गिरने से महिला मजदूर की मौत के मामले में ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 18 जून को तेज आंधी और बारिश के दौरान ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के लेबर क्वार्टर में बनी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां मजदूर और उनके परिवार मौजूद थे। मलबे में दबने से मजदूर महिला रंभा प्रधान की हालत गंभीर हो गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में दो अन्य मजदूर — सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी — भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस जांच में पाया गया कि कंपनी प्रबंधन ने कथित रूप से जर्जर और गुणवत्ताविहीन लेबर क्वार्टर तैयार कराया था, जिसे पास स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्राईवेट लिमिटेड की बाउंड्रीवाल से सटाकर बिना अनुमति बनवाया गया था। तेज तूफान और बारिश के दौरान यही बाउंड्रीवाल मजदूरों के क्वार्टर पर गिर गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर अतिक्रमण को भी हटाया था। अब मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने कंपनी मालिक दयानंद अग्रवाल और शंकर अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) और 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में श्रमिकों के बीच भी नाराजगी और भय का माहौल बना हुआ है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें