भैंस की तलाश में जंगल गए युवक को हाथी ने कुचलकर उतारा मौत के घाट , गांव में दहशत

Picture of kakajee

kakajee

कोरबा । जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत धवलपुर गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जंगली हाथी के हमले में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड (35 वर्ष) के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल गहरा गया है।
जानकारी के मुताबिक, संतोष कुमार गोंड की एक भैंस अचानक लापता हो गई थी। उसकी तलाश में वह देर रात जंगल की ओर निकला था। इसी दौरान जंगल में घूम रहे हाथी से उसका सामना हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने अचानक हमला कर संतोष को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद धवलपुर सहित आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ समय से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन समय रहते सूचना और निगरानी की व्यवस्था मजबूत नहीं होने से लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की नियमित मॉनिटरिंग, मुनादी व्यवस्था और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
गौरतलब है कि पखवाड़े भर के भीतर हाथी के हमले से मौत की यह दूसरी घटना है, जिससे वन विभाग की चिंता और चुनौती दोनों बढ़ गई हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल की ओर जाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें