पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 94 किलो गांजा जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Picture of kakajee

kakajee

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलो गांजा बरामद किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 9 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि परिवहन में इस्तेमाल ट्रक और मोबाइल समेत कुल जब्ती लगभग 24 लाख 47 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 जून को थाना डोंगरीपाली प्रभारी को सूचना मिली थी कि एक लाल रंग के आयशर प्रो 3019 ट्रक में अवैध गांजा उड़ीसा के सोहेला से बरमकेला की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों और तौलकर्ता को साथ लेकर सोहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग पर ग्राम डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक क्रमांक UP 30 DT 5256 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में ईमली की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 94 पैकेट गांजा बरामद किए गए। पुलिस ने गांजे को तीन सीलबंद बोरियों में रखा, जिनका कुल वजन 94 किलो निकला।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी जगत मोदक (50) और मध्यप्रदेश निवासी सुनील वर्मा (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के साथ ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को डोंगरीपाली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें