रायगढ़ जिले के नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्ति का इंतजार खत्म, शासन ने जारी की सूची

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। लंबे समय से जिस सूची का इंतजार राजनीतिक गलियारों में हो रहा था, वह आखिरकार सामने आ गई। राज्य शासन ने रायगढ़ जिले के नगरीय निकायों के लिए एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सूची जारी होते ही भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
नगर पालिक निगम रायगढ़ में इस बार कुल 8 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं, जो जिले में सबसे अधिक हैं। शासन ने निगम में ज्ञानेश्वर गौतम, मनोज शर्मा, मनीष गांधी, प्रदीप श्रृंगी, सुनील थवाईत, संजय जगवानी, शशिकांत शर्मा और पप्पु कुमार के नामों पर मुहर लगाई है। माना जा रहा है कि इन चेहरों को संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पण का प्रतिफल मिला है।
वहीं नगर पालिका परिषद खरसिया में भी पांच नामों की घोषणा की गई है। यहां सरिता सहिस, शशिभूषण राठौर, रतन अग्रवाल, संजय अग्रवाल और राकेश धृतलहरे को एल्डरमैन बनाया गया है।
इसके अलावा जिले के अन्य नगरीय निकायों पुसौर, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, लैलूंगा और किरोड़ीमल नगर के लिए भी मनोनयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन निकायों में भी पार्टी के सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है।
एल्डरमैन की नियुक्ति को लेकर पिछले कई दिनों से सियासी अटकलें तेज थीं। कई दावेदार अपने नाम को लेकर आश्वस्त थे, लेकिन अंतिम मुहर शासन स्तर से लगनी थी। अब सूची जारी होने के बाद जहां चयनित कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है, वहीं कुछ नामों के छूट जाने से राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी नगरीय विकास योजनाओं और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से ये नियुक्तियां काफी अहम साबित हो सकती हैं। अब सभी की नजर इन मनोनीत प्रतिनिधियों की कार्यशैली और जनता के बीच उनकी भूमिका पर टिकी रहेगी।

 

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें