चोरी की वारदात: घर में घुसकर बकरी और 45 साल पुराना सोने का हार ले उड़े चोर

by Kakajee News

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बरमकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंचनपुर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर में घुसकर न केवल बंधी हुई बकरी चुरा ली, बल्कि घर के भीतर रखे करीब 45 साल पुराने सोने के हार पर भी हाथ साफ कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कंचनपुर निवासी प्रेमदयाल सिदार (65 वर्ष) ने थाना बरमकेला में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 1 और 2 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोर उनके घर के परछी में बंधी एक बुजुर्ग बकरी, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई जा रही है, चोरी कर ले गए।
घटना के बाद जब अगले दिन बकरी का आसपास पता लगाया गया तो कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घर के भीतर रखे सामानों की जांच की गई, तब पता चला कि बेडरूम के खुले रैक में रखा करीब 7-8 मासा वजनी, 45 वर्ष पुराना सोने का माला, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है, वह भी गायब है।
पीड़ित ने आज 3 जुलाई को थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गांव में इस चोरी की घटना के बाद लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Related Posts

Leave a Comment