रायगढ़ में मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी, नकदी समेत दर्जनों मोबाइल पार, आरोपियों की पतासाजी में जुटी पुलिस

by Kakajee News

रायगढ़। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोचन नगर और प्रेम नगर रेलवे फाटक के पास स्थित दो मोबाइल दुकानों में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान की छत तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित कई मोबाइल पार कर दिए। घटना के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार लोचन नगर निवासी सुशील विश्वकर्मा (26 वर्ष) की प्रेम नगर रेलवे फाटक के पास विश्वकर्मा मोबाइल दुकान संचालित है। पीड़ित के मुताबिक वह रोजाना की तरह 23 जून की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 24 जून की सुबह करीब 8:30 बजे जब वह दुकान पहुंचा, तो दुकान के ऊपर लगी लोहे की सीट उखड़ी हुई थी और फॉल सीलिंग टूटी मिली। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 19 हजार रुपये नकद और ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे गए करीब 10 से 15 मोबाइल, जिनकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है, गायब मिले।
इतना ही नहीं, बगल में स्थित इंडियन मोबाइल दुकान, जिसे तिलक देवांगन संचालित करते हैं, वहां भी चोरों ने सेंधमारी की। वहां से भी करीब 15 से 20 मोबाइल, 3 हजार रुपये नकद और मोबाइल रिपेयरिंग का अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
घटना के बाद दोनों दुकानदारों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें 23 जून की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दो अज्ञात युवक दुकान में घुसकर चोरी करते दिखाई दिए। फुटेज मिलने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पीड़ितों की शिकायत पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(A) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Related Posts

Leave a Comment