खरसिया के मुड़ागांव में बारिश से पहले रेत तस्करी का खेल तेज, नदी में उतरे ट्रैक्टर… वीडियो वायरल

by Kakajee News

खरसिया। बरसात का मौसम शुरू होते ही खरसिया क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का खेल एक बार फिर बेखौफ तरीके से सामने आने लगा है। मुड़ागांव क्षेत्र में खुलेआम रेत तस्करी किए जाने का मामला चर्चा में है, जहां आज सुबह बारिश के बीच नदी के बीचों-बीच ट्रैक्टर उतारकर बालू निकालने और परिवहन करने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि रानीगुडा और लेब्रा घाट में बालू तस्कर नदी की धारा को चीरते हुए ट्रैक्टर लेकर निकल रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नियमों और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर नदी के भीतर से रेत निकाली जा रही है। यह न केवल शासन के नियमों की खुली अवहेलना है, बल्कि मानव जीवन के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में ट्रैक्टर नदी के भीतर फंसने या तेज बहाव में बहने जैसी घटनाएं कभी भी हो सकती हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद रेत तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे जान जोखिम में डालकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के मनोबल बढ़ते जा रहे हैं। अब सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

बड़ा सवाल यह है कि आखिर बरसात के संवेदनशील समय में नदी के भीतर इस तरह खुलेआम रेत तस्करी कैसे हो रही है? और क्या जिम्मेदार विभाग इस पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

Related Posts

Leave a Comment