रायगढ़ में युवक से मारपीट का आरोप, पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोगों में भय का माहौल, एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग

by Kakajee News

रायगढ़। शहर में मारपीट और दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कुछ लोगों पर रास्ता रोककर हमला करने, गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतरा रोड लामीदर निवासी मयंक यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 3 जुलाई को वह अपने निवासगृह से अपने वाहन CG 13 AM 8968 (स्विफ्ट) में सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान घर के पास ही मोड़ पर पहले से मौजूद सुरजीत सिंह बघेल और रोशन महंत ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उनकी गाड़ी के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया।
आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर मयंक यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा और विवाद बढ़ने पर उनकी मां समेत मोहल्ले की अन्य महिलाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि इस हमले में उनका एक दांत टूट गया, सिर में गंभीर चोट आई और हाथ में पहनी घड़ी भी टूट गई।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस घटना के बाद पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोग भय के माहौल में हैं। उन्हें आशंका है कि भविष्य में आरोपी फिर किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।
पीड़ित ने मामले की प्रतिलिपि सिटी कोतवाली थाना, नगर निरीक्षक, कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों को भी भेजते हुए सुरक्षा और न्याय की मांग की है। अब इस शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Related Posts

Leave a Comment