रायगढ़। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मुंबई से पश्चिम बंगाल जा रही समरस्ता सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक यात्री का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में सोने के जेवर और नगदी रखी हुई थी। घटना की शिकायत पर जीआरपी रायगढ़ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जीआरपी थाना रायगढ़ के थाना प्रभारी आर.के. बोर्झा ने बताया कि जीआरपी थाना शालिमार (पश्चिम बंगाल) से प्राप्त अपराध डायरी के आधार पर रायगढ़ में असल अपराध कायम किया गया है। शिकायतकर्ता सेख अकरमुद्दीन, उम्र 29 वर्ष, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के निवासी हैं। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि वे 15 जनवरी को ट्रेन नंबर 12151 समरस्ता सुपरफास्ट एक्सप्रेस में मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सांत्रागाछी के लिए यात्रा कर रहे थे। उनका कोच S-2 और सीट नंबर 63 (RAC) था।
यात्रा के दौरान 16 जनवरी की रात करीब 8:55 बजे, जब ट्रेन रायगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, तभी उन्हें पता चला कि उनका काला रंग का पिट्ठू बैग गायब है। बैग में तीन सोने की अंगूठियां (करीब 9 ग्राम), एक सोने की चेन (करीब 6 ग्राम), सोने के कंगन, नेकलेस और 13 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। पीड़ित ने तत्काल इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला शालिमार जीआरपी से रायगढ़ जीआरपी को भेजा गया। जांच में प्रथम दृष्टया चोरी की पुष्टि होने पर धारा 305(सी) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
रेल पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात किसी पेशेवर गिरोह ने अंजाम दी या फिर ट्रेन में सफर कर रहे किसी अज्ञात यात्री ने मौका पाकर चोरी की। घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत का संदेश दिया है।
