12 लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर 65 हजार की ठगी, साइबर हेल्पलाइन में शिकायत के बाद थाने पहुंचा पीड़ित

by Kakajee News

बिलाईगढ़। ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के एक एजेंट को 12 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 65 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने पहले साइबर हेल्पलाइन 1930 में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद अब थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत टुण्डरा थाना गिधौरी निवासी अमर दास बारले भारतीय जीवन बीमा कंपनी में एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बीमा कार्य के दौरान उनकी पहचान ग्राम दाउबंधान निवासी शिवनंदन भारती से हुई थी। पीड़ित के मुताबिक, 20 अप्रैल को शिवनंदन भारती ने बताया कि वह Dhani Finance (Indiabulls Dhani Finance Ltd.) से 5 लाख रुपये का लोन ले रहा है। इसी दौरान अमर दास ने भी 12 लाख रुपये के लोन की जरूरत बताई। इसके बाद एक अज्ञात मोबाइल नंबर से संपर्क कराया गया, जिसने खुद को कंपनी का एजेंट बताकर भरोसा दिलाया।
फोन पर आरोपी ने 12 लाख रुपये का लोन मंजूर होने और मासिक किस्त 12,149 रुपये होने की जानकारी दी। इसके बाद उसने आधार कार्ड और पैन कार्ड की मांग की। इसी दौरान पीड़ित का मोबाइल अचानक “ऑटोमैटिक सॉफ्टवेयर अपडेट” के नाम पर हैंग हो गया।
कुछ देर बाद जब मोबाइल चालू हुआ तो खाते से UPI के जरिए 65 हजार रुपये कट चुके थे। जांच में पता चला कि रकम लखन सिंह नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुई है। आरोपी ने तीन बार ट्रांजेक्शन का प्रयास किया, जिसमें दो बार असफल रहा और एक बार सफलतापूर्वक राशि निकाल ली।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कसडोल में इसकी सूचना दी और उसी दिन साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस से आरोपी मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
यह मामला एक बार फिर यह बताता है कि ऑनलाइन लोन और फाइनेंस के नाम पर साइबर ठग किस तरह लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ऐप अपडेट पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

Related Posts

Leave a Comment