रायगढ़। जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोकरामुड़ा में घर की परछी से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बोकरामुड़ा निवासी घनश्याम सारथी (45 वर्ष) ने कोतरारोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उनका पुत्र मनीष कुमार सारथी, जो रायगढ़ में गैस एजेंसी में कार्यरत है, 4 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे अपनी हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-BC-2976 (काले रंग की) घर पहुंचा और परछी में खड़ी कर भोजन करने के बाद सो गया।
अगली सुबह 5 जुलाई को करीब 4 बजे जब उठकर देखा गया तो मोटरसाइकिल अपने स्थान पर नहीं थी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के दौरान मोटरसाइकिल चोरी कर ली।
पीड़ित ने चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई है। शिकायत के आधार पर कोतरारोड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ कर बाइक की तलाश में जुटी हुई है।
