रायगढ़ में खेतों को निशाना बना रहे चोर, किसान के बोर से 100 मीटर केबल वायर चोरी, कई वारदातों से ग्रामीणों में दहशत

by Kakajee News

 

रायगढ़। जिले में खेतों में लगातार हो रही चोरियों से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ताजा मामला ग्राम रेंगालपाली का है, जहां एक किसान के बोरवेल से करीब 100 मीटर केबल वायर चोरी कर लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्र में लगातार ऐसी वारदातें हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रेंगालपाली निवासी किसान, जो खेती-किसानी का कार्य करते हैं, ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उनका खेत हाईस्कूल भट्ठी रोड के पीछे स्थित है, जहां बोरवेल के माध्यम से सिंचाई की जाती है। 4 जुलाई को खेत में काम करने के बाद वे घर लौट गए थे। उसी शाम करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनके खेत के बोरवेल का केबल वायर चोरी हो गया है।
सूचना मिलते ही किसान खेत पहुंचे, जहां जांच करने पर बोरवेल में लगा करीब 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है, गायब मिला। अज्ञात चोर वायर चोरी कर फरार हो चुके थे।

पीड़ित किसान ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि इससे पहले भी गांव के संतोष साव, जगन्नाथ साव, जगन्नाथ गुप्ता, रवि निषाद, गंगाराम गुप्ता, पालूराम साव, कृष्ण कुमार गुप्ता, सोनू यादव सहित अन्य किसानों के खेतों से बोरवेल के केबल वायर चोरी हो चुके हैं। इतना ही नहीं, प्राथमिक स्कूल से भी केबल वायर, मोटर और लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार हो रही इन चोरियों से ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Posts

Leave a Comment