जांजगीर-चांपा। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को 21.1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ बिक्री की नकदी भी बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10.55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वैष्णव को मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा में एक युवक अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार रोजनामचा में दर्ज किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी। हनुमान चौक के पास एक युवक कागज की पुड़िया में गांजा बेचते हुए मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष), निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा बताया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी की तलाशी ली। इसके बाद उसकी सहमति से घर की तलाशी लेने पर चार खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट और दो प्लास्टिक के बोरों में गांजा बरामद हुआ। मौके पर वजन करने पर कुल 21.1 किलोग्राम गांजा मिला।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त 10,540 रुपये नकद भी जब्त किए। आरोपी गांजा रखने अथवा बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जब्त गांजा को विधिवत सीलबंद कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को गांजा कहां से मिलता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
1
