लैलूंगा में ग्राम सचिवों के तबादले की उठी मांग, लंबे समय से एक ही पंचायत में जमे सचिवों पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप, रवि भगत ने सौंपा ज्ञापन

by Kakajee News

रायगढ़। जनपद पंचायत लैलूंगा में वर्षों से एक ही ग्राम पंचायत में पदस्थ सचिवों के स्थानांतरण की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में एक लिखित आवेदन जनपद पंचायत लैलूंगा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को सौंपा गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने के कारण कई ग्राम सचिव मनमानी, लापरवाही और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि लैलूंगा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कई सचिव पिछले कई वर्षों से एक ही पंचायत में कार्यरत हैं। लंबे समय तक एक ही स्थान पर बने रहने से ग्रामीणों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ सचिव पुराने सरपंचों के प्रभाव में रहकर नए सरपंचों के विकास कार्यों में सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे पंचायतों का विकास बाधित हो रहा है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि कई पंचायतों में लंबे समय तक एक ही सचिव के पदस्थ रहने से भ्रष्टाचार की शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने और पंचायतों में बेहतर कार्य व्यवस्था स्थापित करने के लिए सभी ग्राम सचिवों का समय-समय पर स्थानांतरण आवश्यक है।

आवेदन में प्रशासन से मांग की गई है कि विकासखंड के सभी ग्राम सचिवों का एक ग्राम पंचायत से दूसरी ग्राम पंचायत में शीघ्र स्थानांतरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पंचायतों का विकास प्रभावित न हो। आवेदन में चेतावनी दी है कि यदि इस मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Posts

Leave a Comment