रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दशकर्म कार्यक्रम से घर लौटते समय जहां एक महिला की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गई वहीं तेज रफ्तार पिकअप चालक ने एक सब्जी व्यवसायी को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसकी मौत हो गई है। परिजनों की रिपोर्ट के बाद दोनों ही मामलों में पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दोनों ही मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार रामनाथ सारथी ने पुसौर थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि कल सुबह 11 बजे उसकी भाभी चंदा बाई सारथी अपने पति भगवान दास सारथी के साथ मोटर सायकल में सवार होकर दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोडातराई गए हुए थे। जहां से वापस घर आते समय रात करीब 11 बजे के आसपास जब वे लोग रैबार मेनगेट के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे की तरफ से जोरदार ठोकर मार दिया। इस घटना में जहां चंदा बाई सारथी की मौके पर ही मौत हो गई वहीं भगवान दास सारथी को चोट आने पर उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
इसी तरह की एक अन्य घटना में संजय मेहर ने पुसौर थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि उसका भाई शत्रुघन मेहर सब्जी बिक्री का व्यवसाय करता है। रोजाना की भांति कल सुबह वह अपनी मोटर सायकल CG13BF – 4628 में सवार होकर सब्जी बेचने रायगढ़ की तरफ आ रहा था। इसी बीच जब वह रैबार एवं चिखली के बीच पहुंचा ही था कि रायगढ़ की तरफ से आ रहे पिकअप चालक क्रमांक सीजी 06 एचडी 3685 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से जोरदार ठोकर मार दिया। इस घटना में शत्रुघन मोटर सहित नीचे गिर गया और शरीर में गंभीर चोट आने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है।
बहरहाल दोनों ही मामलों में परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुसौर पुलिस आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए आरोपी चालक की पतासाजी में जुट गई है।
