रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से देशी कट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

by Kakajee News

 

रायगढ़। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से देशी कट्टा बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार एवं घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना चक्रधरनगर में पदस्थ उप निरीक्षक जी.एल. साहू अपनी टीम , मनोज पटनायक, रोशन एक्का तथा साइबर सेल रायगढ़ के स्टाफ के साथ अपराध विवेचना एवं आरोपी पतासाजी के दौरान टाउन क्षेत्र में भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार क्रमांक CG 13 AQ 6663 में अवैध देशी कट्टा लेकर कुछ व्यक्ति ओडिशा से रायगढ़ की ओर आ रहे हैं।
सूचना की तस्दीक एवं कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों बिट्टू सारथी एवं आकाश चौहान को साथ लेकर पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध कार क्रमांक CG 13 AQ 6663 वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन कुछ दूरी पर रोक दिया, जिस पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन में सवार व्यक्तियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हरीश यादव (26 वर्ष), निवासी बजरंग रामभाठा, थाना कोतवाली रायगढ़ तथा प्रहलाद केवट (24 वर्ष), निवासी अंधियारीपार, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान निवास उच्चभिट्ठी, किरोड़ीमल नगर, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ बताया। विधिवत तलाशी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन की जांच की गई। तलाशी के दौरान कार के भीतर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर बरामदगी पंचनामा तैयार किया।
पूछताछ एवं मेमोरण्डम कथन में आरोपियों ने बताया कि उक्त देशी कट्टा योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान, निवासी बंगालापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र, थाना कोतवाली रायगढ़ द्वारा खरीदा गया था। आरोपियों के अनुसार पुलिस कार्रवाई के दौरान योगेश चौहान मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी प्रहलाद केवट के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा कार क्रमांक CG 13 AQ 6663 (कीमत लगभग 4 लाख रुपये) तथा देशी कट्टा (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) सहित कुल 4 लाख 10 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Related Posts

Leave a Comment