रायगढ़। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन युवकों की मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के लिए रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टूरटूरा निवासी मेनसागर पैंकरा (23 वर्ष) ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई देवराज पैंकरा 05 जुलाई की रात करीब 9 बजे अपनी मोटरसाइकिल RS-200 क्रमांक CG-13-LC-7813 से अपने साथी दारासिंह और तुलसी के साथ ग्राम बैस्कीमुड़ा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
बताया गया कि देवराज स्वयं मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि उसके दोनों साथी पीछे बैठे हुए थे। रास्ते में ग्राम लिबरा पुलिया के पास पहुंचने पर मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों युवक सड़क किनारे खेत में जा गिरे और घायल हो गए।
दुर्घटना में देवराज पैंकरा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि दारासिंह एवं तुलसी को भी हाथ-पैर में चोटें लगीं। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने देवराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे रायगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक चलाए जाने के कारण अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिससे देवराज को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान चली गई।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
