रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात एवं कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब मकान मालिक को उसके भतीजे ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरपाली निवासी गौरीशंकर पटेल (62 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ लगभग एक माह पूर्व अपने पुत्र से मिलने बिलासपुर गए हुए थे। इसी दौरान उनका मकान सूना पड़ा था। 07 जुलाई की सुबह लगभग 8 बजे उनके भतीजे मनोज पटेल ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि घर के कमरों के ताले टूटे हुए हैं।
सूचना मिलने पर गौरीशंकर पटेल अपनी पत्नी के साथ तत्काल बरपाली स्थित घर पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा कि बाहर का ताला बंद था, लेकिन मकान के भीतर सात कमरों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर उनके बेडरूम तथा पुत्र के बेडरूम की अलमारियों के लॉक भी टूटे मिले और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी की तलाशी लेने पर 07 जोड़ी चांदी की पायल, 06 नग चांदी की बिछिया, 01 जोड़ी हाथ का छल्ला, 01 नग चांदी का हाफ करधन, 03 नग सोने के मंगलसूत्र, 02 नग चांदी की प्लेट तथा 05 नग चांदी के सिक्के गायब मिले। चोरी गए जेवरात एवं सामान की कीमत लगभग 90 हजार रुपये से लेकर करीब 2 लाख रुपये तक आंकी जा रही है।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोर मकान की दीवार फांदकर भीतर घुसे और कमरों के ताले तथा अलमारियों के लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले की शिकायत कोतरा रोड थाना में दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने प्रार्थी के आवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
