सारंगढ़-बिलाईगढ़। नेटवर्क मार्केटिंग और अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में भारी मुनाफे का लालच देकर ITBP के एक जवान से 9 लाख 25 हजार रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले की जांच के बाद कोसीर पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता युवराज कुमार चंद्रा, जो वर्तमान में ITBP की 27वीं बटालियन की ‘सी’ कंपनी में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं, ने 12 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिचित विवेक सिंह राजपूत, नीतीश कुमार सिंह और पेनकी धनराज ने उन्हें QNET/विहान डायरेक्ट सेलिंग से जुड़े एक कथित इंटरनेशनल बिजनेस में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और अधिक लाभ का झांसा देकर बड़ी रकम जमा करवा ली।
शिकायत के अनुसार मुख्य आरोपी विवेक सिंह राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर जूम मीटिंग के माध्यम से व्यवसाय का प्रस्तुतीकरण किया और इसे लाभदायक अंतरराष्ट्रीय व्यापार बताकर निवेश के लिए तैयार किया। आरोप है कि आरोपियों ने योजना की वास्तविक प्रकृति छिपाई और अधिक कमाई का भरोसा दिलाया।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने 08 अगस्त 2025 को 5 हजार रुपये, 14 अगस्त 2025 को 5 लाख 90 हजार रुपये, 01 सितंबर 2025 को 3 लाख रुपये तथा 01 मार्च 2026 को 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इस प्रकार कुल 9 लाख 25 हजार रुपये आरोपियों के खातों में भेजे गए। शिकायतकर्ता को केवल 30 हजार 500 रुपये वापस मिले, जबकि शेष राशि वापस नहीं की गई।
युवराज कुमार चंद्रा ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें नए लोगों को जोड़ने और नेटवर्क बढ़ाने का दबाव बनाया गया। जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इंकार कर दिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों और बैंक लेन-देन का परीक्षण किया तथा लोक अभियोजन से विधिक राय भी प्राप्त की। जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि आरोपियों ने एक राय होकर नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर शिकायतकर्ता को आर्थिक लाभ का प्रलोभन दिया और उससे बड़ी राशि प्राप्त कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी विवेक सिंह राजपूत निवासी ग्राम झापल, थाना लोरमी, जिला मुंगेली, नीतीश कुमार सिंह निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) तथा पेनकी धनराज निवासी बिलासपुर के विरुद्ध धोखाधड़ी और साझा आपराधिक कृत्य से संबंधित प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है तथा आर्थिक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि शिकायतकर्ता देश की सुरक्षा में तैनात एक जवान है, जिसने कथित तौर पर व्यवसाय में निवेश के लिए ऋण लेकर रकम जुटाई थी। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और धन के प्रवाह की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
7
