RAIGARH NEWS: चलती ट्रेन में यात्री का महंगा आईफोन चोरी, बढ़ती वारदातों से रेल यात्रियों में दहशत

by Kakajee News

 

रायगढ़। ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला एक यात्री के महंगे आईफोन की चोरी का सामने आया है, जिसने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन सामने आ रही चोरी की घटनाओं से रेल यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अविनाश अशोक पाढरे (38 वर्ष) निवासी विठ्ठल नगर, मोठी उमरी मेन रोड, अकोला (महाराष्ट्र) ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे 6 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 15930 (एनटीएसके-टीबीएम एक्सप्रेस) से न्यू जलपाईगुड़ी से टाटानगर की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान वे कोच नंबर-4 में सीट नंबर 7 एवं 8 पर सवार थे।
यात्री के अनुसार, सुबह करीब 5:35 बजे ट्रेन पाकुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तब उन्होंने देखा कि सीट नंबर-8 पर रखा उनका एप्पल आईफोन-17 (सफेद रंग) गायब है। आशंका है कि किसी अज्ञात चोर ने यात्रा के दौरान मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी हुए मोबाइल की कीमत 80,096 रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। शिकायत पर अंडाल स्टेशन स्थित जीआरपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए यात्रा पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद प्रार्थी ने जीआरपी थाना रायगढ़ में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।
मामले में प्रधान आरक्षक अरविल तिर्की द्वारा रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उसकी तलाश में जुट गई है।

लगातार बढ़ रही हैं रेल यात्रियों से चोरी की घटनाएं
हाल के दिनों में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल, पर्स, बैग और अन्य कीमती सामान चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है। इन घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यात्रियों का कहना है कि रात के समय और भीड़भाड़ वाले कोचों में चोरी की घटनाएं अधिक हो रही हैं। ऐसे में रेल यात्रियों में भय का माहौल बन गया है। लोगों ने रेलवे प्रशासन और जीआरपी से गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Posts

Leave a Comment