रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह की अध्यक्षता में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण तथा पुनर्वास संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करें। उन्होंने मानव तस्करी की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर सतत निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही महिला अपराधों एवं मानव तस्करी से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, त्वरित विवेचना तथा पीड़ितों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर कार्यों की सतत समीक्षा की जाए तथा सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक में पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण तथा पुनर्वास की योजनाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पीड़ितों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक मुख्यधारा में लाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती उन्नति ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महेश पटेल, महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी एल.आर.कच्छप, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत दुबे, उप संचालक समाज कल्याण शिव कुमार पाण्डेय, महिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती चैताली राय, महिला थाना से श्रीमती सरस्वती महापात्रे, डॉयल 112 प्रभारी पुष्पेन्द्र कुमार श्याम, अधिवक्ता श्रीमती रीतू सिंह, समिति सदस्य श्रीमती रोहिणी चंद्रा, श्रीमती सुखदाई चौहान, श्रीमती शोभा शर्मा, श्रीमती श्यामा उरांव मौजूद रहे।
