धर्मजयगढ़ । वनमंडल धर्मजयगढ़ के छाल परिक्षेत्र अंतर्गत एड़ू परिसर के जंगलों में हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील जारी की है। विभाग के अनुसार हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का झुंड वर्तमान में छाल परिक्षेत्र के भुनडीबहरी जंगल और पोड़ी-बंगरसुता जंगल क्षेत्र में सक्रिय है। इसके अलावा डंगबोरा, पतरा, भुनडीबहरी एवं पोड़ी-बंगरसुता के जंगलों में भी हाथियों की आवाजाही दर्ज की गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे काफरमार-बंगरसुता तथा काफरमार-भुनडीबहरी मार्ग पर अत्यधिक सावधानी के साथ आवागमन करें। साथ ही जंगलों में पत्ते (खेखड़ी) बीनने या अन्य कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी हाथी दिखाई दें तो तत्काल आसपास के लोगों और मार्ग से गुजर रहे यात्रियों को इसकी सूचना दें। किसी भी परिस्थिति में हाथियों के पास जाने, उन्हें घेरने या परेशान करने का प्रयास न करें तथा वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।
हाथियों की मौजूदगी से प्रभावित बोजिया, चीतापाली, पुसलदा और रामनगर गांवों के ग्रामीणों को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सावधानी ही किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
