हाथियों के बीच लापरवाही भारी! ग्रामीणों की भीड़ और शोर-शराबे से करते दिखा हाथियों का एक दल…..देखें पूरा वीडियो

by Kakajee News

रायगढ़। छाल वन परिक्षेत्र में बुधवार शाम एक चिंताजनक मामला सामने आया, जहां लगभग 10 हाथियों का दल देउरमार क्षेत्र की ओर से बोजिया गांव की दिशा में सड़क पार करने का प्रयास कर रहा था। शाम करीब 5 बजे हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उनका वीडियो बनाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथियों के सड़क पार करने के दौरान कुछ लोग सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बजाय उनके काफी करीब पहुंच गए। इतना ही नहीं, कुछ ग्रामीण हाथियों को शोर मचाकर और पीछे से दबाव बनाकर आगे बढ़ाने का प्रयास करते नजर आए। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार की हरकतें बेहद खतरनाक होती हैं। हाथी स्वभाव से संवेदनशील और बुद्धिमान वन्यजीव हैं। जब उन्हें घेरने, दौड़ाने या परेशान करने की कोशिश की जाती है तो वे स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हैं, जिससे उनके आक्रामक होने की संभावना बढ़ जाती है। कई बार ऐसी स्थिति मानव-वन्यजीव संघर्ष और गंभीर हादसों का कारण बन सकती है।
वन विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें, भीड़ न लगाएं और किसी भी हालत में हाथियों के करीब जाने या उन्हें रास्ता बदलने के लिए मजबूर करने का प्रयास न करें। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा बरती गई यह लापरवाही चिंता का विषय बनी हुई है।
क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की सक्रियता लगातार बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि हाथी दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें, लेकिन सुरक्षित दूरी बनाए रखें और वन अमले को अपना कार्य करने दें।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते ऐसी लापरवाहियों पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। हाथियों को उनका रास्ता देना ही मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा के लिए सबसे बेहतर उपाय है।

Related Posts

Leave a Comment