स्वामी आत्मानंद स्कूल में चोरी और तोड़फोड़, CCTV कैमरे सहित हजारों की सामग्री गायब

by Kakajee News

सरसींवा । स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रावन में अज्ञात चोरों ने देर रात चोरी और तोड़फोड़ की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना में विद्यालय परिसर में लगे CCTV कैमरे, कंप्यूटर उपकरण एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई, वहीं कई शैक्षणिक एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य रामेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि 8 जुलाई को प्रतिदिन की तरह अध्यापन कार्य समाप्त होने के बाद विद्यालय को पूरी तरह बंद कर मुख्य द्वार एवं स्कूल भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया था। अगले दिन 9 जुलाई की सुबह लगभग 7 बजे विद्यालय के सफाई कर्मी रविन्द्र कुमार और राजेश कुमार बघेल ने फोन कर विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़ होने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर प्राचार्य रामेश्वर प्रसाद साहू, ग्राम पेण्ड्रावन के सरपंच पति उमेश कुमार जांगड़े, देवकिशन मल्होत्रा तथा अन्य ग्रामीण विद्यालय पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि विद्यालय परिसर के बाहरी हिस्से को कवर करने वाले तीन CCTV कैमरे तथा बरामदे में लगा एक कैमरा गायब था। विद्यालय में चारों ओर CCTV कैमरे लगे हुए हैं, जो परिसर और भवन के भीतर की गतिविधियों को भी कवर करते हैं।
जांच के दौरान प्राचार्य कक्ष का ताला ऊपर से खुला हुआ मिला। कमरे के भीतर प्रवेश करने पर एक की-बोर्ड, एक माउस, एक कंप्यूटर हार्ड डिस्क, तीन पेन ड्राइव तथा एक Wi-Fi डिवाइस गायब मिले। वहीं विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए तीन ग्रीन बोर्ड, एक दीवार घड़ी, एक कंप्यूटर मॉनिटर, एक LED टीवी तथा CCTV केबल को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात आरोपी 8 जुलाई की शाम 7 बजे से 9 जुलाई की सुबह 7 बजे के बीच विद्यालय की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किए और वारदात को अंजाम दिया। चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 17 हजार रुपये तथा तोड़फोड़ से हुए नुकसान की राशि लगभग 35 हजार रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार विद्यालय को कुल 52 हजार रुपये से अधिक की क्षति पहुंची है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा विद्यालय परिसर में लगे CCTV सिस्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

Related Posts

Leave a Comment