परसदा वाटर फॉल में बढ़ रही पर्यटकों की भीड़, खतरनाक स्टंट बन सकते हैं हादसों की वजह

by Kakajee News

रायगढ़। जिले के प्रसिद्ध पचधारी बंद होने के बाद अब लोगों की भीड़ शहर से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित परसदा वाटर फॉल की ओर तेजी से बढ़ने लगी है। मानसून की दस्तक के साथ यहां की प्राकृतिक सुंदरता अपने पूरे शबाब पर है, जिसे देखने प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। हालांकि बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं भी सामने आने लगी हैं।
बरसात के मौसम में परसदा वाटर फॉल का मनमोहक दृश्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है, लेकिन कई युवा यहां रोमांच के नाम पर अपनी जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं। वाटर फॉल के ऊंचे और फिसलन भरे हिस्सों से पानी में छलांग लगाना, खतरनाक स्टंट करना और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करना लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष सुरक्षा कारणों से यहां नहाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद बारिश शुरू होते ही युवाओं की भीड़ फिर से यहां पहुंचने लगी है। कई रील बनाने वाले युवक खतरनाक स्थानों पर वीडियो शूट कर सोशल मीडिया में वायरल कर रहे हैं, जिससे अन्य लोग भी प्रभावित होकर यहां पहुंच रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि बरसात के दौरान जलप्रपातों में पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। फिसलन भरी चट्टानें, गहरे जलकुंड और तेज धाराएं किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। पर्यटकों से भी अपील की जा रही है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें, लेकिन किसी भी प्रकार का जोखिम भरा स्टंट न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। एक आकर्षक रील या कुछ मिनटों का रोमांच जीवनभर का दर्द न बन जाए, इसके लिए जरूरी है कि पर्यटक जिम्मेदारी के साथ पर्यटन स्थलों का आनंद लें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

Related Posts

Leave a Comment