चलती ट्रेन में फिर हुई चोरी, यात्री के बैग से लाखों के जेवरात पार, पीड़ित को तीन अज्ञात शख्स पर चोरी का संदेह

by Kakajee News

रायगढ़। बिलासपुर से रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से एक यात्री के बैग से लाखों के जेवरात चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद जीआरपी पुलिस तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार यज्ञनारायण सोनी ने जीआरपी थाना रायगढ में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी एवं दोनों बच्चे के साथ साली की शादी में शामिल होने कोतमा गया हुआ था। पीड़ित ने बताया कि वापस रायगढ़ आने के लिए 11 जुलाई की रात चिरमिरी बिलासपुर एक्सप्रेस से 12 जुलाई की सुबह 6 बजे बिलासपुर पहुंचे। वहां टिटलागढ़ पैसेंजर में बैठ कर अपने दोनों ट्राली को सामने रखे थे।
पीड़ित ने बताया कि झपकी आने पर वह सो गया था, लेकिन जब जयरामनगर रेल्वे स्टेशन के पास उठा तो देखा कि तीन अज्ञात लोग उसके ट्राली बैग के पास बैठे थे। ट्रेन जब नैला रेलवे स्टेशन पहुंची तब तीनों लोग नहीं थे, ट्राली बैग में चैन और ताला लगा हुआ था। जिसके बाद जिस ट्राली बैग में ज्वेलरी था उस बैग को अपनी सीट के नीचे रखा था।
पीड़ित ने बताया कि रायगढ़ पहुंचने के बाद दोपहर में बैग के सामान को जमाने के लिए बैग खोला तो उनके होश उड़ गए, बैग के अंदर प्लास्टिक का ट्रांसपरेंट बाक्स जिसमें सोने की ज्वेलरी सोने का हार 17ग्राम, सोने का मंगलसूत्र 4 ग्राम, नथ 1 ग्राम, बिंदिया 1 ग्राम, अंगुठी 4 नग 5 ग्राम, कान का झुमका 6.5 ग्राम नहीं था। चोरी हुए ज्वेलरी की कीमत करीब 2 लाख 74 हजार रुपए बताई गई है।

पीड़ित यज्ञनारायण सोनी ने आशंका जताई है कि ट्रेन में उसके ट्राली बैग के पास बैठे तीनों अज्ञात लोगों ने ही उक्त चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जिसके बाद पीड़ित ने रायगढ़ जीआरपी थाना में मामले की रिपोर्ट लिखाई है। जिस पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305 (सी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Posts

Leave a Comment