रेलवे स्टेशन के SBI एटीएम में कार्ड बदलकर 38 हजार की ठगी, रेलवे कर्मचारी ने दर्ज कराई शिकायत

by Kakajee News

बिलासपुर। एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक रेलवे कर्मचारी के खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी बिलासपुर ने शून्य पर अपराध दर्ज कर प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए इंदौर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी के. एस. शंकर राव (55 वर्ष), निवासी हेमूनगर वार्ड क्रमांक 45, छाबड़ा पैलेस के पास, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर, रेलवे विभाग में एसी मैकेनिक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वे 11 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 18234 नर्मदा एक्सप्रेस से ड्यूटी के दौरान बिलासपुर से इंदौर गए थे।
शिकायत के मुताबिक, 12 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बाहर स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड मशीन में डालकर पिन नंबर दर्ज किया, लेकिन रकम नहीं निकली। दोबारा प्रयास करने पर भी लेनदेन सफल नहीं हुआ। इसी दौरान पीछे खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने जल्दबाजी करने की बात कहते हुए उनका एटीएम कार्ड अपने हाथ में ले लिया और उसे साफ करने के बहाने स्वयं मशीन में डाल दिया।
इसके बाद जब प्रार्थी ने दोबारा पिन नंबर दर्ज किया तो मशीन में “इनवैलिड” का संदेश दिखाई दिया। संदेह होने पर वे एटीएम से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना कार्ड जांचा तो पता चला कि उनके पास मौजूद कार्ड उनका नहीं, बल्कि किसी आयुष सनौधिया नामक व्यक्ति का था।
इसी बीच उनके मोबाइल फोन पर लगातार बैंक ट्रांजेक्शन के संदेश आने लगे। संदेशों से पता चला कि अज्ञात आरोपी ने उनके खाते से 10-10 हजार रुपये की तीन बार तथा 8 हजार रुपये की एक बार निकासी कर कुल 38 हजार रुपये निकाल लिए।
धोखाधड़ी का अहसास होने पर के. एस. शंकर राव ने 13 जुलाई को जीआरपी थाना बिलासपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। जांच में घटना स्थल इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र का पाए जाने पर जीआरपी बिलासपुर ने शून्य पर अपराध दर्ज कर प्रकरण को आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना सेंट्रल कोतवाली, इंदौर (मध्यप्रदेश) को प्रेषित कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

Related Posts

Leave a Comment