रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। आज सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने के साथ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति भी मांगेगा।
प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों के लिए सदन में आभार व्यक्त करेंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न प्रतिवेदन और पत्र सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम के तहत शासकीय संकल्प भी पेश करेंगे। मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री टंक राम वर्मा शासकीय विधि विषयक कार्यों को पुनःस्थापित करेंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों और वस्तुओं के संरक्षण का मुद्दा उठेगा। वहीं, जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मामला भी सदन में गूंजेगा।
इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न याचिकाएं सदन के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। ऐसे में विधानसभा के दूसरे दिन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
7
