रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत खम्हार चौक के पास सुबह करीब 7 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ग्राम बिहामाटी निवासी तीन युवक बाइक से चौक के पास स्थित एक होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए आगे आए और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धरमजयगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार अचानक बाइक सवार युवकों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ जाती है। हादसे की तस्वीरें और वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
गौरतलब है कि धरमजयगढ़ के इसी चाल्हा मोड़ और आसपास का क्षेत्र पहले भी कई गंभीर सड़क हादसों का गवाह रह चुका है। पिछले वर्ष नवंबर माह में इसी इलाके में तेज रफ्तार कार की टक्कर से रामपुर निवासी ललिता मिंज, मैनपाट निवासी अमित किंडो और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के फकीरचंद पटेल की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कार चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
21
