रायगढ़। रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र में मंगलवार की रात हाथियों ने 9 ग्रामीणों के मकान के अलावा 10 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाले कापू रेंज में बीती रात 9 मकानों को तोड़ा है। जिसमें गंझू रामकोरवा, रतिराम, अमीरसाय, बुधिराम, सुखदेव, घुरटीबाई, बालकुंवर के अलावा अलोला में मनीजर किस्पोट्टा, शनि लकड़ा के मकान को तोड़ा है। साथ ही दिलीप के अहाता को तोड़कर धान खाते हुए कार को डैमेज किया है। इसके अलावा हाथियों के दल ने अलग-अलग रेंज में 10 किसानों की फसलों को नुकसान पहंुचाया है। हाथियों के द्वारा नुकसान पहुंचाये जाने की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जिले में कुल 153 हाथी
कापू क्षेत्र के ग्रामीण बताते हैं कि कापू रेंज के अलोला बीट में विचरण कर रहे मादा हाथी और उसके शावक बीते कई दिनों से रात होते ही भोजन की तलाश गांव पहुंचकर ग्रामीणों के मकान को तोडकर नुकसान पहुंचा रहे हैं जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। वन विभाग के आंकड़ो के मुताबिक धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में 97 तो रायगढ़ वन मंडल में 56 हाथी मौजूद है। इस तरह रायगढ़ जिले के जंगल में कुल 153 हाथी मौजूद है।
हाथियों पर रखी जा रही नजर
कापू वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए दिन व रात हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखते हुए गांव-गांव में मुनादी कराई जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से हाथियों से दूरी बनाये रखने अपील की जा रही है।
