रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक इकाई में काम के दौरान हुई दुर्घटना में घायल श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक कार्य कराने के आरोप में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक संदीप सिंह रघुवंशी, निवासी वार्ड क्रमांक 7, पडरिया गुहावटी, जिला कटनी (मध्य प्रदेश) एनआर स्पात पावर प्लांट में ठेकेदार संतोष चौहान के अधीन सीट लगाने का काम करता था। जांच में सामने आया कि 16 अप्रैल को प्लांट के छज्जे पर सीट लगाने का कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि कार्य के दौरान श्रमिक को आवश्यक सुरक्षा उपकरण, विशेषकर सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
बताया गया कि दोपहर करीब 1 बजे भोजन करने के लिए रस्सी के सहारे नीचे उतरते समय संदीप सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 8 मीटर ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिक को पहले रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा), रायपुर रेफर किया गया।
मेकाहारा में उपचार के दौरान उसी रात डॉक्टरों ने संदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गवाहों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए श्रमिक से जोखिमपूर्ण कार्य कराया गया।
जांच उपरांत ठेकेदार संतोष चौहान, निवासी जमडबरी, थाना पूंजीपथरा के विरुद्ध धारा 289 एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
