Kakajee News

धरमजयगढ़ के मस्जिदपारा में महिला की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार, मोबाइल को लेकर हुए विवाद में लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या, वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा जप्त

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़ । एसएसपी शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी से ढके मिले महिला के शव के सनसनीखेज मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतिका के पति मोहब्बत चौहान को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। विवेचना में सामने आया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर बरामद कर लिया है।
प्रकरण के अनुसार 13 जुलाई 2026 को धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा स्थित प्रतीक चौवड़ा के बाड़ी परिसर में झाड़ियों के बीच प्लास्टिक की बोरी से ढका 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासी हमीद बक्स द्वारा दी गई सूचना पर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। जांच में पता चला कि मृतिका और उसका पति मोहब्बत चौहान पिछले लगभग एक वर्ष से प्रतीक चौवड़ा के यहां रहकर देखरेख एवं काम करते थे। दोनों शराब के आदी थे तथा आरोपी अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। गवाहों ने बताया कि 12 जुलाई की रात लगभग 11 बजे पति-पत्नी के बीच जोरदार विवाद और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं। अगले दिन शाम मोहल्ले के बच्चों ने बाउंड्री के भीतर झाड़ियों में बोरी से ढका शव देखा, जिसकी पहचान मृतिका के पुत्र लालजीत चौहान ने अपनी मां राजकुमारी चौहान के रूप में की। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार था।
शव परीक्षण एवं शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृतिका के हाथ-पैर, शरीर के अन्य हिस्सों तथा बाईं कनपटी पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट पहुंचने, अत्यधिक रक्तस्राव एवं रक्तस्राव रुक जाने के कारण मृत्यु होना बताते हुए इसे हत्यात्मक प्रकृति का बताया। घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के कथनों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 188/2026 में धारा 103(1) एवं 238(बी) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान फरार आरोपी मोहब्बत चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के यहां गिरवी रख दिया था। 12 जुलाई की रात मोबाइल के संबंध में पूछने पर जब पत्नी ने सही जानकारी नहीं दी तो उसने गुस्से में लकड़ी के चौड़े पट्टे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी मोहब्बत चौहान, पिता स्व. प्यासराम चौहान, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम डगभौना थाना कापू, हाल मुकाम मस्जिदपारा वार्ड क्रमांक 06, धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है तथा पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, फसल क्षति का सर्वे करने खेतों तक पहुंचा प्रशासन, बेमेतरा कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय, एक भी पात्र किसान मुआवजे से नहीं रहेगा वंचित

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और शिल्प परंपराओं की बिखरी अनुपम छटा, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया निरीक्षण

जशपुर के पांच आदिवासी युवा अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था से लेंगे रॉक क्लाइंबिंग गाइड का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा जशपुर

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें