बिलासपुर। उत्कल एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर जीआरपी चौकी चांपा में शून्य पर अपराध दर्ज कर प्रकरण को आगे की जांच के लिए जीआरपी थाना भद्रक (ओडिशा) स्थानांतरित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 13 विनोद कुमार चन्द्रा द्वारा जीआरपी चौकी चांपा में बिना नंबरी नालशी प्रस्तुत की गई। शिकायतकर्ता संतोष देवांगन (40 वर्ष), पिता नरेन्द्र कुमार देवांगन, निवासी बेरियर रोड वार्ड क्रमांक 10, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा ने लिखित आवेदन देकर बताया कि वह 14 जुलाई को अपनी पत्नी एवं परिवार के साथ ट्रेन क्रमांक 18477 उत्कल एक्सप्रेस के एस-6 कोच में बर्थ क्रमांक 1 से 6 तक यात्रा कर रहे थे।
यात्रा के दौरान जब ट्रेन ओडिशा के भद्रक रेलवे स्टेशन पहुंची, तब उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी का लेडीज पर्स गायब है। जांच करने पर पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पर्स चोरी कर लिया है। घटना के बाद उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी, जिस पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें गंतव्य स्टेशन चांपा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी।
शिकायत के अनुसार चोरी हुए पर्स में एक वीवो वाई-22 मोबाइल फोन, जिसमें संबंधित आईएमईआई नंबर एवं सिम कार्ड लगा हुआ था, रखा था। इसके अलावा पर्स में करीब 19,800 रुपये नकद भी मौजूद थे। चोरी की इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जीआरपी चौकी चांपा ने शिकायत के आधार पर शून्य में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में घटना स्थल भद्रक रेलवे स्टेशन, ओडिशा क्षेत्राधिकार में होना पाए जाने के कारण संपूर्ण केस डायरी एवं संबंधित दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना भद्रक, ओडिशा को स्थानांतरित कर दिए गए हैं। पुलिस अब अज्ञात आरोपी की तलाश एवं मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
