रायगढ़। शहर के चांदमारी क्षेत्र स्थित एक नव निर्माणाधीन मकान से करीब 90 हजार रुपये मूल्य के बिजली संबंधी सामान की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवानी शंकर षडंगी कॉलोनी फेस-1, चांदमारी स्थित एमआईजी-18 निवासी शशांक शेखर सिंह ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उनके नव निर्माणाधीन मकान में ठेकेदार शेख सानु के माध्यम से टाइल्स एवं पुट्टी का कार्य कराया जा रहा था। कार्य के बाद प्रतिदिन मजदूर मकान में ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले जाते थे।
बताया गया कि 14 जुलाई को शाम करीब 5 बजे काम समाप्त होने के बाद मजदूर मकान में ताला लगाकर चले गए थे। अगले दिन 15 जुलाई की सुबह जब मजदूर काम पर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गए, तो मकान में रखे बिजली के तार, पैनल, नए बोर्ड सहित अन्य कीमती विद्युत सामग्री गायब मिली। इसके बाद मजदूरों ने ठेकेदार को सूचना दी और ठेकेदार ने मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचकर मकान मालिक ने देखा कि लगभग 90 हजार रुपये मूल्य का बिजली सामान चोरी हो चुका था, जबकि मकान में रखी सीमेंट, पुट्टी और टाइल्स जैसी अन्य सामग्री सुरक्षित थी। विशेष बात यह रही कि मकान का ताला टूटा हुआ नहीं मिला। जांच के दौरान मुख्य द्वार के ऊपर लगी ग्रिल के पास करीब दो फीट की खाली जगह पर पैरों के निशान भी पाए गए।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि मकान में कार्य करने वाले कुछ लोगों की घटना में संलिप्तता हो सकती है, क्योंकि चाबी उनके पास रहती थी और ताले को किसी प्रकार की क्षति भी नहीं पहुंचाई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस चोरी गए सामान तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
