रायगढ़। खरसिया के मौहापाली क्षेत्र में एक रेलवे कर्मचारी के किराए के मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 95 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना की शिकायत पर खरसिया चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अश्वनी कौशिक रेलवे विभाग में गुड्स ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले एक वर्ष से मौहापाली स्थित अभिषेक पटेल के मकान में किराए पर रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वह अपने मकान में ताला लगाकर ड्यूटी के सिलसिले में ट्रेन से अकलतरा चले गए थे।
अगले दिन 14 जुलाई की शाम करीब 7 बजे जब वह अपनी पत्नी चंचल कौशिक और दोनों बच्चों के साथ वापस घर लौटे, तो मकान का ताला गायब मिला और दरवाजे की कुंडी मुड़ी हुई थी। अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी का लॉकर खुला मिला तथा उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
चोरी हुए सामान में सोने की दो अंगूठियां, एक हार, एक चेन, एक जोड़ी बाली, दो नग सोने के दाने, एक जोड़ी झुमका तथा चांदी का एक ब्रेसलेट, चार जोड़ी पायल, एक करधन, चूड़ी और बिछिया शामिल हैं। चोरी गए जेवरातों की कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित की शिकायत पर चौकी खरसिया में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
