सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 65 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 13 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG11 BR 4766 में दो व्यक्ति ओडिशा के भुक्ता क्षेत्र से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना सरिया पुलिस ने गवाहों और स्टाफ के साथ थाना के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिये की मोटरसाइकिल आते दिखाई दी, जिसे रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान बाइक में रखे पीले रंग के प्लास्टिक बैग से हरे रंग की प्लास्टिक पन्नी में पैक तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ।
तौल करने पर पहले पैकेट का वजन 1 किलो, दूसरे का 1.015 किलो और तीसरे का 995 ग्राम पाया गया। प्लास्टिक बैग सहित कुल वजन 3 किलो 65 ग्राम निकला। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 33 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज देवांगन (31 वर्ष) एवं सूरज देवांगन (23 वर्ष) निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि वे गांजा ओडिशा के भुक्ता बस स्टैंड क्षेत्र से खरीदकर कोरबा ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक वीवो मोबाइल फोन और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है।
पूरी कार्रवाई के दौरान गांजा को विधिवत सीलबंद किया गया तथा ई-साक्ष्य मोबाइल एप के माध्यम से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
सरिया पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में गांजा आपूर्ति और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
