RAIGARH NEWS : तेज रफ्तार ट्रेलर घर और किराना दुकान में घुसा, ढाई लाख रुपये का नुकसान; मामला दर्ज

by Kakajee News

 

रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुनकुनी में 14 जुलाई की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर घर और किराना दुकान में घुस गया। हादसे में मकान, दुकान और उसमें रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित ने करीब 2.50 लाख रुपये के नुकसान का दावा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुनकुनी निवासी विष्णु राठिया (26 वर्ष) ने थाना खरसिया में आवेदन देकर बताया कि उसका मकान और किराना दुकान एनएच-49 पर वेदांता साइडिंग गेट नंबर-1 के सामने स्थित है। 14 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में चाय पी रहा था। इसी दौरान ट्रेलर क्रमांक CG 10 BJ 9373 का चालक कथित रूप से तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क की गलत दिशा में पहुंच गया और सीधे उसके घर व दुकान में जा घुसा।
घटना की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार, छज्जा और दुकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दुकान और घर में रखे फ्रिज, मोटरसाइकिल, टीवी, सिलाई मशीन, गेहूं, चावल सहित अन्य सामान भी टूटकर खराब हो गए। पीड़ित के अनुसार हादसे में उसका लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे और वे बाल-बाल बच गए। मकान क्षतिग्रस्त होने के कारण परिवार को बरसात के मौसम में परछी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रार्थी द्वारा 19 जुलाई को थाना खरसिया में लिखित शिकायत प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस ने मामले की जांच की। प्रथम दृष्टया ट्रेलर चालक की लापरवाही पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 324(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 एवं 112/183(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

Related Posts

Leave a Comment