रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोजिया में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 1 लाख 17 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोजिया निवासी बाबू लाल धीरहे (41 वर्ष), जो प्राथमिक शाला पुसल्दा में प्रधान पाठक (शिक्षक) के पद पर कार्यरत हैं, अपने पूरे परिवार के साथ 18 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे अपने साढ़ू के घर टेमर (शक्ति) गए हुए थे। परिवार दो दिनों तक वहीं रुका रहा। 20 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 7 बजे जब वे वापस अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी गए सामान में सोने का हार, कान की बाली, लॉकेट, नथली, फुली, खिनवा तथा तीन जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं। चोरी गए जेवरों की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित की लिखित शिकायत पर छाल थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।
