रायगढ़ में बारिश का कहर: कई वार्ड जलमग्न, केलो नदी उफान पर, रपटा डूबा, जान जोखिम में डालकर आवागमन जारी

by Kakajee News

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि केलो नदी उफान पर होने से शहर को चक्रधर नगर सहित अन्य इलाकों से जोड़ने वाला रपटा पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर रपटे के ऊपर से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवाजाही कर रहे हैं। स्कूलों की छुट्टी के बाद कई अभिभावक भी बच्चों को लेने-छोड़ने के दौरान इसी डूबे हुए रपटे को पार करते नजर आए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण वार्ड क्रमांक 30, 33 और 37 सहित कई मोहल्लों में पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गई हैं और लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
वार्ड क्रमांक 37 के मीनाबाजार क्षेत्र में भी गंभीर स्थिति सामने आई है। जानकारी के अनुसार, वहां स्थल समतलीकरण के लिए डाली गई फ्लाई ऐश तेज बारिश के पानी में बह गई, जिससे आसपास के मोहल्लों में गंदगी फैल गई और स्थानीय लोगों को आवागमन सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने इस मामले में स्थायी समाधान की मांग की है। शहर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने लगभग दो दर्जन कर्मचारियों की टीम तैनात की है। सूचना मिलते ही निगम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पानी निकासी और राहत कार्य में जुट रही है।
क्या कहते हैं महापौर जीवर्धन चौहान
रायगढ़ निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने इस मामले में कहा, “लगातार बारिश के बावजूद शहर की स्थिति सामान्य है। नगर निगम की टीम पूरी तरह सक्रिय है और जलभराव वाले सभी क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां से भी सूचना मिल रही है, वहां तत्काल टीम भेजकर राहत एवं पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। निगम का अमला पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है।”
केलो नदी सहित कई इलाकों में डूबे रपटे
निगम प्रशासन की टीम मुस्तैदी से काम में जुटी है लेकिन देर रात से लगातार हो रही बारिश ने मुश्किल बढ़ा दी है। इसके कारण केलो नदी सहित कुछ मोहल्लो में पानी भरने के बाद राहत देने के लिए तत्काल मदद भेजी जा रही है वहीं पानी में डूबे हुए रपटे से लगातार हो रही आवाजाही ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवागमन पर रोक नहीं लगाई गई तो तेज बहाव के बीच कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार हो रही बारिश और केलो नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, वहीं लोगों से भी अनावश्यक रूप से जलभराव और डूबे हुए मार्गों से गुजरने से बचने की समझाइश की जा रही है।

Related Posts

Leave a Comment