बरमकेला क्षेत्र के 12 गांवों का निरीक्षण: स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, बम्हनीपाली स्कूल की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था बनी प्रेरणा

by Kakajee News

आज बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बम्हनीपाली, सिंगापुर सहित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर मितानिनों, सहायिका कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी चर्चा की गई। इस दौरान गांव-क्षेत्र में लेप्रोसी, टीबी, फाइलेरिया एवं शुगर के मरीजों की संख्या तथा उनके उपचार की स्थिति की जानकारी ली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के 12 ग्रामों में 11 लेप्रोसी, 3 टीबी, 15 फाइलेरिया तथा शुगर के मरीज पाए गए हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित दवा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई गई।
भ्रमण के दौरान बम्हनीपाली प्राथमिक शाला विशेष रूप से प्रेरणादायक रही, जहां शिक्षक अनुराग वर्मा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ जवाहर उत्कर्ष, नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराते हैं। इसी कारण यहां बाहर से भी बच्चे पढ़ने आते हैं। बच्चों से संवाद के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वे न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट हैं, बल्कि सामान्य ज्ञान में भी काफी जागरूक और प्रतिभाशाली हैं।
बम्हनीपाली के विद्यालय, शिक्षक अनुराग वर्मा एवं समर्पित टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ऐसे शिक्षक और विद्यालय सरकारी शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरणास्रोत हैं। क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के शिक्षकों को भी उनसे सीख लेकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में आगे आना चाहिए, ताकि शासकीय विद्यालयों की व्यवस्था और अधिक बेहतर हो सके। इस भ्रमण के माध्यम से विद्यालय, स्वास्थ्य सुविधा, आंगनबाड़ी एवं ग्रामीण क्षेत्र की वास्तविक स्थिति शासन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Related Posts

Leave a Comment