क्रेडा कार्यालय से 96 हजार रुपये से अधिक की शासकीय सामग्री चोरी, मामला दर्ज

by Kakajee News

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के क्रेडा (छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) जिला कार्यालय में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लगभग 96 हजार रुपये से अधिक मूल्य की शासकीय सामग्री चोरी कर ली। मामले में सारंगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेडा जिला प्रभारी शिवेन्द्र सिंह ने थाना सारंगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि क्रेडा का जिला कार्यालय ग्राम चंदाई निवासी अंजोर सिंह साहू के किराये के भवन में संचालित है। कार्यालय में सौर ऊर्जा संयंत्रों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के लिए केबल, बैटरी तथा एलईडी ल्यूमिनरी सहित अन्य सामग्री रखी गई थी।
शिकायत के अनुसार 17 जुलाई 2026 की शाम लगभग 5:45 बजे कार्यालय बंद किया गया था। 18 एवं 19 जुलाई को अवकाश होने के कारण कार्यालय बंद रहा। 20 जुलाई की सुबह लगभग 10 बजे कार्यालय खोलने पहुंचे कर्मचारियों ने देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था तथा पीछे के दरवाजे की कुंडी भी क्षतिग्रस्त थी। अंदर जांच करने पर कार्यालय में रखी कई महत्वपूर्ण सामग्री गायब मिली।
चोरी हुई सामग्री में 90 मीटर 2.5 वर्ग मिमी 3-कोर केबल (कीमत 9,452 रुपये), 275 मीटर 4 वर्ग मिमी 3-कोर केबल (32,450 रुपये), सोलर हाईमास्ट की 12 वोल्ट 80 एएच क्षमता वाली 4 बैटरियां (42,000 रुपये) तथा 30 वाट क्षमता की 6 एलईडी ल्यूमिनरी (12,600 रुपये) शामिल हैं। चोरी गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 96,502 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की तलाश में जुट गई है।

Related Posts

Leave a Comment